सोनभद्र। नगवां ब्लॉक के खलियारी में गुरुवार को किसान निर्मल इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विद्यालय की बहनों ने किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र को रक्षा सूत्र बांधकर जिले के जल-जंगल-जमीन और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प दिलाया।
शिक्षिका सिंधु प्रजापति ने कहा कि भैया को राखी बांधकर अपनी सुरक्षा के साथ सोनभद्र को प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प दिलाया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप मिश्र ने कहा, “एक-एक रक्षासूत्र की सौगंध है, जब तक जिला प्रदूषण मुक्त नहीं हो जाता, पेड़ हैं तो प्राण हैं अभियान निरंतर चलता रहेगा। जल-जंगल-जमीन, पेड़, पानी, पहाड़, नदी, झील, झरने की रक्षा हम सभी का संवैधानिक मौलिक कर्तव्य है।”
इस दौरान सैकड़ों बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा। कार्यक्रम में प्रबंधक निर्मल यादव, कमलेश जी, सुमन जी, आकाश चौहान, अरविंद चौहान, रोहित यादव सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।






