राजस्व अधिकारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करे: जिलाधिकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

राजस्व वादों, अंश निर्धारण एवं कृषक दुर्घटना बीमा प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में राजस्व वादों अंश निर्धारण एवं कृषक दुर्घटना बीमा के प्रकरणों के प्रगति की जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों के साथ समीक्षा किया। 

इस समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अंश निर्धारण, कृषक दुर्घटना बीमा योजना के प्रकरणों तथा राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट मंशा है कि आमजन को समय पर न्याय मिले तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक दो दिवस पर इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यदि किसी अधिकारी के स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?