अमित मिश्रा
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा पर हुई विस्तृत समीक्षा
विद्यालयों में चलाया जाएगा यातायात जागरूकता अभियान, दुर्घटना बहुल स्थलों पर लगाए जाएंगे संकेतक बोर्ड
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में की गयी। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोनभद्र नगर पालिका परिषद क्षेत्र में ओवरब्रिज से वर्षा का पानी सीधे सड़क पर गिरने की समस्या का समाधान कराया जाए। इसके लिए प्रभावी पाइप लाइन की व्यवस्था कर पानी का सुरक्षित निकास सुनिश्चित किया जाए, जिससे आवागमन सुचारु रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने सड़कों के किनारे बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परिवहन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से यातायात जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी दुर्घटना बहुल (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर आवश्यक चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), जिला अबकारी अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड शैलेश ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






