प्रधानमंत्री मोदी ने किया योग का आह्वान, जल संरक्षण और खेलों को दी नई दिशा : धर्मवीर तिवारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र। नगर के वार्ड नंबर 14 में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में सुना गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनता से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया और स्वस्थ जीवन के लिए इसे आवश्यक बताया।

योग को अपनाएं, जीवन को संवारें प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि गर्मियों की छुट्टियां बच्चों के लिए सीखने और अपने कौशल को निखारने का सुनहरा अवसर हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सीखने के कई मंच उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

भारतीय संस्कृति और त्योहारों का महत्व प्रधानमंत्री ने चैत्र नवरात्र, विक्रम संवत 2082, गुड़ी पड़वा और ईद पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ‘विविधता में एकता’ की भावना को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि ये पर्व हमें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं और समाज में सौहार्द का संदेश देते हैं।

जल संरक्षण: हर बूंद अनमोल प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण को लेकर विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश की हर बूंद को संजोना बेहद जरूरी है। पिछले कुछ वर्षों में जल संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों से देश में बड़े पैमाने पर जल संचित हुआ है। उन्होंने कर्नाटक के गडग जिले के ग्रामीणों द्वारा सूखी झीलों को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की और इसे ‘कैच द रेन’ अभियान की सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

खेलों को मिला नया जोश प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स का उल्लेख करते हुए बताया कि इस बार इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पैरा स्पोर्ट्स को बढ़ती लोकप्रियता से यह स्पष्ट है कि देश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने दिल्ली में आयोजित ‘फिट इंडिया कार्निवाल’ की भी सराहना की, जिसमें 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।

संगीत और संस्कृति की प्रशंसा प्रधानमंत्री मोदी ने मशहूर रैपर हनुमानकाइंड की सराहना की और मॉरीशस यात्रा के दौरान भारतीय परंपरा से जुड़े ‘गीत गवई’ के प्रदर्शन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत और संस्कृति वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही है।

टेक्सटाइल वेस्ट से निपटने की दिशा में प्रयास प्रधानमंत्री ने भारत में टेक्सटाइल वेस्ट की समस्या पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा देश इस मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर है। लेकिन अब कई स्टार्टअप इस चुनौती से निपटने के लिए अभिनव समाधान लेकर आ रहे हैं। उन्होंने टेक्सटाइल वेस्ट को पुनः उपयोग में लाने और इसे एक नई दिशा देने पर जोर दिया।

महुआ के फूलों से बनी मिठास प्रधानमंत्री ने महुआ के फूलों से बिस्किट बनाने की अनूठी पहल की चर्चा की। उन्होंने बताया कि राजाखोह की चार बहनों द्वारा निर्मित महुआ बिस्किट काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। साथ ही, तेलंगाना के आदिलाबाद में भी दो बहनों ने महुआ के फूलों से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए हैं, जो लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

विशिष्ट जनों की उपस्थिति इस अवसर पर भाजपा बूथ अध्यक्ष शशिकांत पांडे, सभासद विनोद सोनी, रवि कसेरा, नितिन मालवीय, कुलदीप सिंह, उत्कर्ष पांडे, अजय पांडे, अविनाश शुक्ला, नर्मदा देवी, अशोक भारती, नीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश न केवल प्रेरणादायक था बल्कि जन-जन को जागरूक करने वाला भी। योग, जल संरक्षण, खेलों को प्रोत्साहन और सांस्कृतिक विरासत को संजोने की उनकी अपील ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नई ऊर्जा से भर दिया।

Leave a Comment

869
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?