चंदौली जिले के नौगढ़ राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सेमरा कुशही गांव होते हुए नौगढ़ बाजार तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न स्लोगन और नारों के माध्यम से समाज को महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। छात्र-छात्राओं ने ‘नारी शक्ति, देश की शक्ति’ जैसे संदेशों के जरिए आमजन को महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि विकसित भारत @2047 का विजन एक ऐसे राष्ट्र की परिकल्पना करता है, जो स्वस्थ, सशक्त और समावेशी हो। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं और नारी सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक करें।
कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण कुमार, मनीष राज बावरे सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे। पदयात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।






