चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड के बाघी गांव की ग्राम प्रधान एवं समाजवादी पार्टी की नवनियुक्त महिला राष्ट्रीय सचिव नीलम ओहरी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की।
राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात रही, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान नीलम ओहरी ने चकिया विधानसभा की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में पार्टी की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ।
अखिलेश यादव ने नीलम ओहरी को महिला राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी की नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
नीलम ओहरी को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद नौगढ़ क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में उनकी बढ़ती सक्रियता को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। समर्थकों का मानना है कि भविष्य में पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है, हालांकि प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर संगठन की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व से सीधा संवाद और संगठन में बढ़ी जिम्मेदारी से नीलम ओहरी की क्षेत्रीय राजनीति में भूमिका और प्रभाव बढ़ सकता है। वहीं समर्थकों को उम्मीद है कि वह क्षेत्र के विकास एवं जनहित के मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाएंगी।









