अमित मिश्रा
तैयारी को लेकर रासपहरी में हुई बैठक
म्योरपुर/सोनभद्र। जवाबदेह सरकार के लिए मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा सोनभद्र में जारी रहेगी। यात्रा के प्रथम चरण के समापन पर 20 सितंबर को वाराणसी के शास्त्री घाट पर नई पीढ़ी संवाद और आम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर आज रासपहरी कार्यालय में रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान की बैठक हुई। बैठक में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने वादाखिलाफी की है। जनगणना में ओबीसी कॉलम शामिल करने की बात कहकर पूरा नहीं किया, वहीं आदिवासी धर्म कोड के कॉलम की मांग को भी अनसुना किया जा रहा है। इस सवाल को सोनभद्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कॉर्पोरेट घरानों पर टैक्स लगाने और काली पूंजी की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करने का साहस दिखाए तो हर नागरिक के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और भूमिहीनों को आवास के संवैधानिक अधिकारों की गारंटी हो सकती है। बैठक में तय हुआ कि माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा महिलाओं की आर्थिक लूट, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन, पर्यावरण नुकसान, पूंजी पलायन और लड़कियों की उच्च शिक्षा जैसे सवालों को यात्रा में मजबूती से उठाया जाएगा। गांव, कस्बा, बाजार, स्कूल-कॉलेज, अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों से संपर्क और संवाद किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद गोंड और संचालन कृपा शंकर पनिका ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, इंद्रदेव खरवार, रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, महेंद्र प्रताप सिंह, मनोहर गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, राजकुमार खरवार, रामविचार गोंड, महावीर गोंड आदि मौजूद रहे।







