चंदौली पुलिस ने गोतस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। नौगढ़ थाना पुलिस टीम ने चन्द्रप्रभा डैम के पास जंगल से छह गोवंश भी बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, नौगढ़ थाना पुलिस टीम 16 अप्रैल 2026 को करीब 2:05 बजे गश्त पर थी। सूचना मिलने पर चन्द्रप्रभा डैम के पास जंगल में दबिश दी गई।
मौके पर पुलिस ने देखा कि कुछ लोग गोवंशों को आपस में बांधकर क्रूरतापूर्वक पीटते हुए पैदल बिहार ले जा रहे थे। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह गोवंश को मुक्त कराया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया (50 वर्ष) निवासी ग्राम बोदलपुर, थाना चकिया, और चन्द्रशेखर साहनी (35 वर्ष) निवासी प्रभुनारायणपुर जंगल चुड़िया, थाना चकिया के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना नौगढ़ में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्जापुर के ग्रामीण इलाकों से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदते थे। इसके बाद घुमंतू पशुओं को जंगल में इकट्ठा कर बड़ी संख्या में होने पर उन्हें पैदल बिहार ले जाकर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गोवध अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक तरुण पांडेय, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में गोतस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।






