रात 8 बजे मिली सूचना पर हरकत में आई टीम, 5 साल के बालक और 3 साल की बालिका को लिया संरक्षण में
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र की चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 टीम और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की मुस्तैदी ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की बड़ी मिसाल पेश की है। समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई से दो छोटे मासूम बच्चों को किसी अनहोनी का शिकार होने से बचा लिया गया।
मामला थाना रॉबर्ट्सगंज के हिन्दुआरी चौकी क्षेत्र का है, जहां रात्रि लगभग 8 बजे स्थानीय लोगों ने दो नन्हे बच्चों को घर से भटक कर असुरक्षित हालात में घूमते देखा। नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह को दी। रात्रि का समय और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकेश कुमार सिंह के साथ काउंसलर अमन सोनकर और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
रेस्क्यू किए गए बच्चों में एक बालक (उम्र लगभग 5 वर्ष) और एक बालिका (उम्र लगभग 3 वर्ष) शामिल हैं। बेहद कम उम्र होने के कारण दोनों बच्चे अपने घर का पता या माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। टीम द्वारा दोनों बच्चों को सुरक्षित थाने लाया गया, जहां जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। बच्चों की सुरक्षा, उचित देखभाल और उनके परिजनों की तलाश सुनिश्चित करने के लिए दोनों मासूमों को सकुशल बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, तदोपरांत बच्चों को शिशु गृह में संरक्षित किया गया। स्थानीय लोगों ने चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की इस त्वरित व मानवीय पहल की जमकर सराहना की है।
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह की अपील चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि इन दोनों बच्चों के परिजनों या घर के बारे में किसी को भी कोई जानकारी हो, तो वे तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन सोनभद्र के मोबाइल नंबर 9450717818 अथवा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सूचित करें। साथ ही, यदि कहीं भी कोई बच्चा अकेला, रोता हुआ, गुमशुदा या असुरक्षित अवस्था में दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत 1098 या 9450717818 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। आपकी एक कॉल किसी मासूम का जीवन और भविष्य बचा सकती है।









