चंदौली जिले के नौगढ़ में लोक आस्था के महापर्व छठ की संध्या पर रविवार को नौगढ़ कस्बा स्थित दुर्गा मंदिर पोखरे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा और छठी मइया का प्रसाद लेकर घाट पर पहुंचे। श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाट तक पहुंचीं। वहीं ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु जयकारे लगाते रहे। शाम के समय व्रती महिलाओं ने पोखरे के जल में खड़े होकर विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
शाम ढलते ही दुर्गा मंदिर पोखरा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। प्रकाश व्यवस्था से पूरा घाट आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट पर पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए एसडीएम विनय कुमार यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह और तहसीलदार राहुल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम स्थल पर माइक संचालन की जिम्मेदारी राजू पांडे ने संभाली। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने की अपील की।
वहीं ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता ने कहा कि छठ पर्व हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देता है। ग्राम पंचायत और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
छठ पर्व की संध्या पर दुर्गा मंदिर पोखरा आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का केंद्र बना रहा।









