चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत भैंसोड़ा ग्राम पंचायत के बरवाटाड़ गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महावीर के घर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार महावीर रोज की तरह सुबह उठकर अपने काम में लगे हुए थे, जबकि उनकी पत्नी हीरावती घर के कामकाज में व्यस्त थीं। दोपहर में परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद तेज धूप के कारण घर के अंदर आराम कर रहे थे। इसी दौरान चूल्हे में बची एक चिंगारी हवा के चलते उड़कर घर के छज्जे तक पहुंच गई। धीरे-धीरे छप्पर में आग सुलगने लगी और कुछ ही देर में धुआं उठने लगा।
धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घरवालों को बाहर निकाला। तेज हवा और भीषण गर्मी के चलते आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। हालांकि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही गांव के लोग बाल्टी और बर्तनों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में दमकल टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
बताया जाता है कि महावीर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान पति लाल मोहम्मद मौके पर पहुंचे और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं लेखपाल ने पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
प्रधान पति लाल मोहम्मद ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।






