सोनभद्र। थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना एएचटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में संगठित मानव तस्करी गिरोह का सफल अनावरण हुआ है। पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा थाना एएचटी प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली।
थाना रॉबर्ट्सगंज पर पंजीकृत भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में वांछित अभियुक्त शिव सिंह उर्फ रामलाल पुत्र चरन सिंह, निवासी वार्ड नं0 50 कच्ची सराय, थाना निहालगंज, जनपद धौलपुर, राजस्थान, उम्र लगभग 45 वर्ष को शनिवार को ग्राम पवर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह व उ0नि0 रणजीत सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने पीड़िता को काम दिलाने का झांसा देकर आगरा एवं अलीगढ़ ले जाकर अन्य साथियों के साथ मिलकर लगभग 1,20,000 रुपये में बेच दिया। पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया और उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार यह अपराध संगठित गिरोह द्वारा किया गया है। अन्य सह-अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में चालान किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह, उ0नि0 रणजीत सिंह, आरक्षी अमरजीत यादव और आरक्षी धनंजय यादव शामिल रहे।






