पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में गूंजी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की गाथा, प्रभारी मंत्री बोले- अहिल्याबाई ने अपना जीवन भगवान शिव को कर दिया था समर्पित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O- 300वीं जयंती स्मृति अभियान के तहत डीआर ड्रीम्स हॉल में हुआ आयोजन

सोनभद्र । लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती स्मृति अभियान के अंतर्गत डीआर ड्रीम्स हॉल, रॉबर्ट्सगंज में सोमवार को पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं अहिल्याबाई होलकर के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक रामसुंदर निषाद ने किया।

मुख्य अतिथि मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा, “महारानी अहिल्याबाई होलकर न्यायप्रिय प्रशासक और सामाजिक कुरीतियों से लड़ने वाली महान महिला थीं। उनका जीवन नारी सम्मान, न्यायप्रियता और राष्ट्र सेवा का प्रतीक है। उन्होंने अपने शासनकाल में 26 वर्षों तक आदर्श प्रशासन दिया। उनके न्याय की मिसाल है कि उन्होंने अपने ही पुत्र को मृत्यु दंड देने का साहसिक निर्णय लिया।” उन्होंने आगे कहा कि अहिल्याबाई ने कुएं, तालाब, बावड़ियां बनवाने के साथ-साथ देशभर में शिवालयों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया। “उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन भगवान शिव को समर्पित कर दिया था और शासकीय दस्तावेजों पर अपने हस्ताक्षर के स्थान पर भगवान शिव का नाम लिखा करती थीं,” मंत्री ने कहा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का योगदान सनातन समाज और देश दोनों के लिए अविस्मरणीय है। “आज की महिलाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।”

भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई न सिर्फ कुशल शासिका थीं, बल्कि एक आध्यात्मिक व्यक्तित्व भी थीं जिन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए अपनी सेना में महिलाओं की भर्ती सुनिश्चित कर उन्हें राष्ट्र रक्षा से जोड़ा।

भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अहिल्याबाई होलकर से प्रेरणा लेकर देश का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने अहिल्याबाई के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों को अनुकरणीय बताते हुए सभी प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा, श्रवण, जीत सिंह खरवार, दीपक पटेल, अजीत रावत, संजीव तिवारी, अरुण पटेल, कृष्णमुरारी गुप्ता, ओमप्रकाश दूबे, उदयनाथ मौर्या, प्रसन्न पटेल, प्रमिला जायसवाल समेत जिले के तमाम पंचायत प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष व भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?