नागपंचमी पर मातम में बदली खुशियां, तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नीरज कुमार

O- बेदौली बाबू गाँव में 9 से 14 साल के तीन बच्चों की डूबने से मौत।

O- गोरखपुर में घर से महज 100 मीटर दूर हुआ हादसा,  गांव में पसरा मातम।

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) । नागपंचमी के त्योहार पर सोमवार को गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के बेदौली बाबू गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सचिन (14), अनुज (9) और हरीश उर्फ करिया (12) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि नागपंचमी के अवसर पर बच्चे गुड़िया बटोरने के लिए गांव के तालाब के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे तालाब में नहाने लगे। अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य बच्चे किसी तरह बाहर निकले और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

जाल डालकर शुरू हुई तलाश

सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह समेत ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। मछली पकड़ने वाले जाल की मदद से बच्चों की तलाश की गई। काफी प्रयास के बाद एक बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इसके बाद दो अन्य बच्चों को भी बाहर निकाला गया। ग्रामीण तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक सचिन पुत्र भजुराम की उम्र 14 वर्ष थी। वह कक्षा छह में पढ़ता था। उसके पिता मजदूरी करते हैं और परिवार में एक भाई है।

अनुज पुत्र सत्य प्रकाश महज नौ वर्ष का था और कक्षा तीन में पढ़ता था। उसके पिता गुजरात में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। अनुज का एक भाई है।

वहीं हरीश पुत्र राधेश्याम 12 वर्ष का था और कक्षा पांच में पढ़ता था। उसकी एक बहन है। उसके पिता दुबई में मजदूरी करते हैं।

तीनों बच्चों की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई। नागपंचमी के त्योहार पर हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

विधायक और अधिकारी पहुंचे, मदद का भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान, तहसीलदार बांसगांव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवाजी सिंह, ब्लॉक प्रमुख शिवाजी चंद समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मिलकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

एसपी साउथ ने दी घटना की जानकारी

एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर बच्चे गुड़िया बटोरने के लिए तालाब पर गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे तालाब में डूब गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दो बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए भेजा, लेकिन अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। तीसरे बच्चे को भी काफी प्रयास के बाद तालाब से बाहर निकाला गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?