सीएस पाण्डेय
खाद की कालाबाजारी चरम पर, DAP 1350 की जगह 2200 में बेच रहे दुकानदार
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। बभनी ब्लॉक में किसानों को खाद के नाम पर जमकर लूटा जा रहा है। अधिकृत दुकानदार सरकारी रेट से दोगुनी कीमत पर DAP और यूरिया बेच रहे हैं। इसकी शिकायत पूर्व प्रधान एवं प्रधान संघ के जिला सचिव संजय कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी को पत्र देकर की है।
पत्र में बताया गया है कि बभनी ब्लॉक कृषि प्रधान क्षेत्र है और यहां के 10-12 अधिकृत खाद-बीज दुकानदार किसानों का शोषण कर रहे हैं। DAP-1846 जिसकी कीमत 1350₹ है उसे 2100 से 2200₹ में और यूरिया 266₹ की जगह 500 से 600₹ में बेचा जा रहा है।
संजय गुप्ता का कहना है कि खाद नियमानुसार नहीं दी जा रही। 09 जुलाई को आसनडीह स्थित अनामिका खाद बीज भण्डार पर लगभग 200 बोरी DAP थी, लेकिन अगले दिन पूरा स्टॉक गायब मिला। इससे साफ है कि कालाबाजारी हो रही है
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिला से लेकर ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को सूचना दी गई और IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 40020026013695 व 40020026012823 दर्ज कराई गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि दुकानदारों को सक्षम अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है जिसके चलते फर्जी सत्यापन किया जा रहा है।
पत्र में अनामिका खाद बीज भण्डार आसनडीह, गुप्ता खाद बीज भण्डार परसाटोला चैनपुर, श्रीराम इंटरप्राइजेज चैनपुर सहित अन्य दुकानों का नाम शामिल है।
संजय गुप्ता ने मांग की है कि अधिक रेट पर खाद बेचने वाले लाइसेंसी दुकानदारों पर एफआईआरदर्ज कर किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, राज्यपाल, जिला कृषि अधिकारी, सीओ दुद्धी, एसडीएम दुद्धी और बीडीओ बभनी को भी भेजी गई है।






