बगीचे, खेत में लगी आग, आम-महुआ समेत सैकड़ों पौधे झुलसे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया काबू, किसान-मालिकों ने मांगा मुआवजा

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव में शनिवार दोपहर बगीचे और खेतों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर आम, महुआ, सागौन, बांस, यूकेलिप्टस समेत सैकड़ों इमारती और फलदार पेड़-पौधे झुलस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक कुंडाडीह में ब्रह्मदेव तिवारी, श्यामदेव तिवारी, कुलदीप तिवारी और अनिल अग्रहरी के बगीचे व आसपास के खेतों में दोपहर अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण बाल्टी-पाइप लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बगीचा मालिकों और ग्रामीणों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो आग रिहायशी बस्तियों तक फैल सकती थी।आग से बगीचे और खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद किसानों और बगीचा मालिकों में चिंता है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। थाना क्षेत्र में गर्मी और तेज हवाओं के बीच आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?