सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनशिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना रॉबर्ट्सगंज में तैनात हेड कांस्टेबल जयराम राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद पुलिस में अनुशासन, पारदर्शिता और जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए लगातार कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में हेड कांस्टेबल जयराम राय के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की।पुलिस विभाग के अनुसार उक्त प्रकरण में विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या जनशिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जनपद पुलिस ने दोहराया है कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा पद का दुरुपयोग या जनता के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






