सर्पदंश से किसान की मौत, घर में घुसते समय हुआ हादसा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र)। जिले के बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव में सांप के काटने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, कोरहट्टी टोला निवासी लल्लू पुत्र विद्या प्रसाद कोरवा (49) गुरुवार रात करीब 9 बजे धनखोर बाजार से अपने घर लौटे थे। कुछ देर घर के बाहर चबूतरे पर बैठने के बाद जैसे ही वे घर के अंदर प्रवेश करने लगे, उसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया।

सांप के काटने के बाद लल्लू ने तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर उनकी हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक अपने पीछे पत्नी सोनमति, एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका पुत्र चेन्नई में काम करता है। घटना की सूचना उसे भी दे दी गई है ताकि वह घर लौट सके।

ग्राम प्रधान दीनदयाल जायसवाल ने घटना की जानकारी बभनी पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?