नगर के चतुर्मुखी विकास में सबका सहयोग जरूरी:रूबी प्रसाद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सुचारू यातायात, अतिक्रमण मुक्त सड़कें व स्वच्छता पर नगर पालिका में हुई बैठक

सोनभद्र। नगर में सुचारू यातायात, अतिक्रमण मुक्त सड़कें, नगर की स्वच्छता व सुन्दरता तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण को लेकर शनिवार को नगर पालिका सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की। उन्होंने बैठक में आए सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम से स्वागत किया।
बैठक में व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों व नगर के प्रबुद्धजनों ने नगर की समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की। इसमें सफाई व्यवस्था, जल निकासी, अवैध ठेला-खोमचा से अतिक्रमण, ई-रिक्शा से लगने वाले जाम और गर्मी में पेयजल संसाधनों पर विशेष चर्चा हुई।
नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र जायसवाल ने बढ़ौली चौक से महिला थाना मोड़ तक रोड के बीच डिवाइडर बनाकर सौन्दर्गीकरण कराने का प्रस्ताव रखा। व्यापार मंडल के कौशल कुमार शर्मा ने सीएनडीएस द्वारा बनाई गई नाली का मुद्दा उठाया, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित विभाग से पत्राचार का आश्वासन दिया।


व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जल निकासी एवं पार्किंग बनाने का सुझाव दिया। गुरूद्वारा कमेटी के देवेन्द्र सिंह एवं सुरेन्द्र सिंह ने गुरूद्वारा के पास नालियों की सफाई, कवर्ड ढक्कन व गड्ढों की मरम्मत का अनुरोध किया, जिस पर अध्यक्ष ने शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने रामसरोवर तालाब के आस-पास सफाई एवं सरोवर में नौकायन कर पर्यटन बढ़ाने का सुझाव दिया। अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि सभी प्रस्तावों पर शीघ्र अमल करते हुए नगर के चर्तुमुखी विकास में सबके सहयोग से कार्य किया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका सदस्य मनोज कुमार चौबे, मुकेश कुमार, राकेश, विनोद सोनी, चंद्र प्रकाश दुबे, प्रभात सिंह पटेल, दीपिका गुप्ता, उषा जैन सहित अन्य सभासद व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, बलराम सोनी, राजेश जायसवाल, नरेन्द्र कुमार गर्ग, हरीश अग्रवाल, विमल अग्रवाल, अजहर खान आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

1476
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?