अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में ग्राम रोजगार सेवक संघ नगवां द्वारा वर्षों से बकाया मानदेय के मांग को लेकर ब्लाक मुख्यालय पर राम नाम भजन कीर्तन कर मानदेय की मांग करते हुए ग्राम रोजगार सेवकों ने संघ के प्रदेश सचिव प्राभात सिंह चन्देल व मण्डल प्रभारी विन्घ्याचल मण्डल सुरेश के अगुवाई में राम नाम हरिकर्तन व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
इस दौरान ग्राम रोजगार सेवकों ने वित्तीय वर्ष 2025- 26 एवं 2026- 27 तथा पूर्व के वित्तीय वर्षों में बकाया मानदेय का भुगतान करने, ग्राम रोजगार सेवकों के वर्षों से बकाया ईपीएफ की धनराशि यूएएन खाते में तत्काल प्रभाव से अंतरित करने, ग्राम रोजगार सेवकों को एनएमएमएस, जिओ टैग, आवास सर्वे के साथ अन्य डिजिटल कार्य करने हेतु मोबाइल/ टैब एवं रिचार्ज डाटा की व्यवस्था करायी जाय, ग्राम रोजगार सेवकों को एमआईएस एवं डाटा फीडिंग हेतु आईडी पासवर्ड जारी किया जाय तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत भवन कक्ष में बैठने की व्यवस्था कराने समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए घण्टों तक राम नाम हरिकीर्तन व हनुमान चालीसा का पाठ किया और शासन के उच्चाधिकारियों को सद्बुद्धि देने की कामना करते हुए कार्यक्रम अधिकारी/ खण्ड विकास अधिकारी अनिल सिंह को सम्बोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर ग्राम रोजगार सेवकों को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चन्देल ने कहा कि शासन में बैठे उच्चाधिकारियों की संवेदनहीनता के कारण ग्राम रोजगार सेवक भुखमरी के कगार पर आ गए हैं विभिन्न कार्यों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों के संदर्भ में नित नए तुगलकी फरमान जारी किए जा रहे हैं लेकिन वर्षो से बकाया मानदेय भुगतान की सुधि लेने वाला नही है। अधिकारियों की सम्वेदन हीनता के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को धूमिल करने और सरकार को जनविरोधी कर्मचारी विरोधी करार देने तथा दमनकारी साबित करने के लिए कुचक्र रचा जा रहा है।
मण्डल प्रभारी सुरेश व जिला मंत्री रोहित यादव ने कहा कि प्रदेश के दर्जनों ग्राम रोजगार सेवक आर्थिक तंगी के कारण काल के गाल में समा चुके हैं लेकिन शासन में बैठे उच्चाधिकारियों के कान में जूं तक नही रेंग रहा और प्रदेश का रोजगार सेवक फांकाकशी करने को मजबूर हैं।
ब्लाक अध्यक्ष श्याम बिहारी चौबे ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों के पूर्व में बकाया मानदेय भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उक्त मौके पर सतीश चौबे, उमेश कुमार, सुलेन्द्र कुमार, श्याम मोहन पाण्डेय, प्रेमचन्द्र गौतम, रामानंद, सुरेश प्रसाद, बाबूलाल, रामसजीवन, विनोद कुमार, सूरज प्रसाद, जुनैद अंसारी, अमरपतिराम, जिलाजित यादव, सुरेश समेत अन्य उपस्थित रहे।






