‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के तहत नागरिकों से सहयोग की अपील, 22 मई से शुरू होगी मकान सूचीकरण
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के सभी नागरिकों से 7 मई से 21 मई 2026 तक चलने वाली स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपनी सूचनाएं दर्ज करें और परिवार व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डीएम ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का संचालन उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक होगा। इससे पूर्व 15 दिन की अवधि के लिए 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक पहल है। इसके जरिए परिवार स्वयं ही पोर्टल पर सूचनाएं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना अवधि के दौरान विभिन्न वर्गों तक लक्षित पहुंच के लिए दिवसवार विषयगत रणनीति भी तय की गई है।
उन्होंने अपील की कि जनगणना की वेबसाइट पर जाकर सभी नागरिक अपनी सूचना भर दें। इससे फायदा यह होगा कि जब जनगणना की टीम सत्यापन के लिए पहुंचेगी तो प्रक्रिया सुलभ होगी। डीएम ने नागरिकों से स्वगणना के कार्य में लगे सभी प्रशासनिक अधिकारियों का भरपूर सहयोग करने और इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।






