साप्ताहिक बकरी बाजार में तेलंगाना से आये व्यापारियों से किया विवाद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- साप्ताहिक बकरी बाजार में बाहर से आए कारोबारियों से नोकझोंक

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जनपद सोनभद्र के बभनी क्षेत्र अंतर्गत चपकी स्थित महुअरिया मोड़ पर लगने वाले साप्ताहिक बकरी बाजार में शनिवार को दो व्यापारी समूहों के बीच आपसी विवाद का मामला सामने आया। बाजार में खरीदारी के लिए तेलंगाना से आए कुछ हिंदू व्यापारियों के साथ नोकझोंक और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

चपकी के महुअरिया मोड़ पर प्रत्येक शनिवार को बकरी बाजार आयोजित होता है, जहां स्थानीय पशुपालकों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से व्यापारी खरीद–फरोख्त के लिए पहुंचते हैं। इस बाजार में देशी बकरी, बकरा, मुर्गी और मुर्गों की बड़ी मात्रा में खरीद-बिक्री होती है। तेलंगाना, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से व्यापारी बड़े वाहनों से पशुधन खरीदने आते हैं, जिसे वे अपने क्षेत्रों में ले जाकर बेचते हैं।

शनिवार को इसी बाजार के दौरान तेलंगाना से आए कुछ हिंदू व्यापारियों का आरोप है कि बाजार में मौजूद अन्य व्यापारियों से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की और धमकी तक पहुंच गई। व्यापारियों ने पत्थर से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया, जिससे कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष मनोज पाण्डेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझाइश कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाही। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया, जिसके बाद बाजार की गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि साप्ताहिक बाजारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?