सीएस पाण्डेय
केन्द्रीय व जनपद के प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह पूरी से एसीएसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार ने किया मुलाकात
म्योरपुर क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट, सोलर वाटर पंप और गुरुद्वारा के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने जनपद सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र देकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
पत्र में म्योरपुर, बभनी, दुद्धी और नगवां क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट एवं सोलर वाटर पंप स्थापित कराने सहित विभिन्न विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा गया है। इनमें म्योरपुर के गोविंदपुर मंदिर, कुसम्हा हरि प्रसाद के घर के पास, रसपहड़ी पहाड़ी, म्योरपुर हनुमान मंदिर, गोविंदपुर वनवासी सेवा आश्रम खेल मैदान, भलुही चौराहा तथा बभनीडीहा स्थित संत कीनाराम आश्रम में हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग शामिल है।
दूसरे पत्र में म्योरपुर के कैमूर आदिवासी विद्यालय के पास, बभनी के धनखोर चौराहा, म्योरपुर करहिया बाजार तथा बकरीहवा चौराहा पर हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा रसपहड़ी प्राथमिक विद्यालय, गंभीरपुर में प्रदीप भारती के घर के पास, दुद्धी के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय छात्रावास, नगवां के अटल आवासीय बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज तथा कोन के एकलव्य विद्यालय में सोलर वाटर पंप निर्माण की मांग की गई है।
वहीं, म्योरपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा आधुनिक सार्वजनिक हॉल और परिसर के सोलर विद्युतीकरण की भी मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि गुरुद्वारा लगभग 150 वर्षों से स्थापित है और यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्य भी संचालित होते हैं।
जीत सिंह खरवार ने केंद्रीय मंत्री से इन सभी कार्यों को जनहित में प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। इन प्रस्तावों के अमल में आने से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा और सार्वजनिक परिसरों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।







