परास के पेड़ से अर्द्धनग्न अवस्था में लटका मिला युवती का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र में मिली संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की लाश, पिता ने गांव के युवक पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र स्थित घघरा ग्राम पंचायत के चकेलवा टोला में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवती का शव नाले के किनारे परास के पेड़ से संदिग्ध हालत में लटका मिला। शव अर्द्धनग्न अवस्था में था और सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि रस्सी गले में नहीं बल्कि महिला के जबड़े में फंसी हुई थी, जबकि शरीर घुटनों के सहारे जमीन से टिका हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान रेखा उर्फ भोली (22) पुत्री राकेश कुमार निवासी चकेलवा टोला के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात गांव में एक बारात आई थी, जिसे देखने के लिए रेखा अपने परिवार और पति के साथ गई थी। देर रात करीब डेढ़ बजे सभी लोग घर लौट आए और सो गए। शुक्रवार भोर करीब साढ़े चार बजे रेखा घर से बाहर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।

सुबह काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने नाले के किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान रेखा के रूप में की। शव की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका के पिता राकेश कुमार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की साजिशन हत्या की गई है। वहीं ग्रामीणों के बीच दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लोगों का कहना है कि शव की स्थिति कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना प्रभारी डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और दुष्कर्म समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण इलाकों में बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?