अमित मिश्रा
अधिवक्ता विकास शाक्य के नेतृत्व में हुआ आयोजन, देश-विदेश से पहुंचे बौद्ध भिक्षुओं ने लिया हिस्सा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। सिरी आश्रम बौद्ध विहार बेलहत्थी में अधिवक्ता विकास शाक्य के नेतृत्व में वर्षावास समापन समारोह श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक सेवा के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में चिवर दान की परंपरा का निर्वहन करते हुए बौद्ध भिक्षुओं को चिवर भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में देश-विदेश से आए बौद्ध भिक्षुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आगंतुकों की उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान 500 से अधिक लोगों को पैकेट में पांच-पांच राशन के बैग वितरित कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अधिवक्ता विकास शाक्य ने बताया कि बौद्ध परंपरा में वर्षावास के दौरान भिक्षु विशेष साधना, तपस्या और धार्मिक अनुशासन का पालन करते हैं। वर्षावास की साधना पूर्ण होने पर चिवर दान किया जाता है तथा चिवर भेंट कर बौद्ध भिक्षुओं के प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट की जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्षावास समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, करुणा, दान और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है।
कार्यक्रम में बौद्ध भिक्षुओं, ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा परिसर धार्मिक और सामाजिक सौहार्द के वातावरण से सराबोर रहा।









