शिवद्वार मंदिर में सैकड़ों कावड़ियों ने किया जलाभिषेक, कड़ी सुरक्षा के बीच हुई पूजा
सोनभद्र। सावन माह के दूसरे सोमवार को जिले भर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा जिला गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और मनोकामनाएं मांगीं।
घोरावल तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवद्वार महादेव मंदिर पर इस दिन विशेष रौनक देखने को मिली। सैकड़ों की संख्या में कावड़िए महादेव के नारे लगाते हुए पहुंचे और विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो गया। चुस्त-दुरुस्त रही सुरक्षा व्यवस्था


श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। चट्टी चौराहे और नुक्कड़-नुक्कड़ पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
मंदिर परिसर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन कर जलाभिषेक किया।
जिले के अन्य शिव मंदिरों पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन किया।






