रात में युवक को फोन कर बुलाया, सुबह खेत में मिला शव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अभिषेक

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज, जांच में जुटी पुलिस

मऊ(उत्तर प्रदेश)।  जिले के थाना हलधरपुर क्षेत्र के ग्राम अरदौना में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान विपुल यादव पुत्र भूपेंद्र यादव 17 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ ग्रामीण खेत में अपनी दैनिक दिनचर्या के तहत गए थे, तभी उनकी नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के पिता बाहर रह कर कार्य करते हैं। बीती रात युवक के मोबाइल नंबर पर कोई कॉल आया था जिसके बाद बिना बताए वह अंधेरी रात में खेत की तरफ निकल गया और सुबह में उसकी लाश मिली। वही कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि फोन करने वाली कोई युवती रही जिससे उस युवक की बातचीत होती थी। आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को यहां इस खेत लाकर फेंका गया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

इस मामले में सपा नेता मलाई यादव ने बताया कि हमारे क्षेत्र में यह नृशंस हत्या कांड है और इसका जल्द खुलासा होना चाहिए, हम इस समय जिले से बाहर हैं। आकर परिवार वालों से मिलकर पूरी सच्चाई का पता किया जाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के अनुसार मृतक के सिर में  पीछे की तरफ चोट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है।

वही पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?