सीएस पाण्डेय
शीशशटोला जंगल में लूट की घटना को अज्ञात बदमाशो ने दिया अंजाम
300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी के जेवरात और बहीखाता लूटे
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में शनिवार शाम करीब 6.30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने सराफा व्यवसाई से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने फायरिंग भी की और चाकू से हमला कर करीब 300 ग्राम सोना व 8 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलधीर कुमार पुत्र सीताराम सेठ निवासी चपकी, रघुनाथ नगर, छत्तीसगढ़ बाजार से दुकान का सामान लेकर वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 .30 बजे शीशटोला जंगल में अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों ने कुलधीर से जेवरात का झोला मांगा। विरोध करने पर आरोपियों ने हवा में फायरिंग की और कुलधीर पर चाकू से तीन बार हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनका झोला छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि झोले में लगभग 300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी के जेवरात और दुकान का खाता-बही था। हमले के बाद दो बदमाश पैदल जंगल की तरफ भाग गए, जबकि एक बदमाश मोटरसाइकिल से जिगनहवा की तरफ फरार हो गया।
वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कुलधीर को उपचार के लिए भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि लूट के साथ-साथ मारपीट और फायरिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है, सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस ने जंगल के रास्तों पर गश्त बढ़ा दी है।
इस लूट की घटना पर सीओ दुद्धी प्रभाकर साहनी ने बताया कि बभनी थाना क्षेत्र के चपकी निवासी कुलदीप कुमार छत्तीसगढ़ राज्य के रघुनाथनगर जिला बलरामपुर में लगने वाले सप्ताहिक बाजार लौट रहे थे जिनके साथ कुछ अज्ञात लोगों में शीश टोला जंगल के लूट को घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित के अनुसार लगभग 40 हजार रुपये की लूट हुई है जिसके खुलासे को लेकर पुलिस अधीक्षक ने पांच टीमो का गठन किया है ,जल्द ही अज्ञात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







