वन विभाग की बड़ी करवाई, जंगल में शिकार की बड़ी साजिश नाकाम, गाड़ी व असलहा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जयमोहनी रेंज अंतर्गत गहिला जंगल में बुधवार देर रात वन विभाग ने सतर्कता दिखाते हुए वन्यजीव शिकार की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। पेट्रोलिंग के दौरान जंगल में फायरिंग की सूचना मिलते ही वनकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और एक वाहन समेत दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, चार अन्य आरोपी हथियार लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11:55 बजे जयमोहनी रेंज के धौठवा बीट, शिकारगंज-16 क्षेत्र में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां जंगल से निकलते हुए एक थार जीप (संख्या JH10BW6386) और एक अन्य वाहन दिखाई दिया। वन कर्मियों द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वाहन चालक भागने लगे। पीछा कर थार जीप को घेराबंदी के बाद रोका गया, जबकि दूसरा वाहन मौके से फरार हो गया।

वाहन सवार आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, जिनमें से दो को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान थार जीप से मेड इन इटली कंपनी की 12 बोर डबल बैरल बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस, खून के निशान लगी बड़ी धारदार छुरी, लगभग एक किलोग्राम संदिग्ध जंगली जानवर का मांस (पालीथीन में), देशी शराब तथा टॉर्च बरामद की गई। सभी सामग्री को जब्त कर जयमोहनी रेंज कार्यालय लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुवनेश्वर सिंह पुत्र चुनीलाल और घमेंद्र सिंह पुत्र अमरनाथ सिंह, दोनों निवासी ददरा (हिनौता), थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 11, 27, 29, 39(डी), 50, 51, 57 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 52(क) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वन विभाग ने बरामद वाहन और हथियारों को न्यायालय में प्रस्तुत कर राज्य सरकार के पक्ष में जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि फरार चार आरोपियों की तलाश के लिए जंगल और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में शिकार की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा वन्यजीव अपराध टल गया।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1548
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?