अमित मिश्रा
O- भारी पुलिस बल तैनात, 3 हिरासत में
O- डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला, नई प्रतिमा स्थापना पर बनी सहमति; प्रशासन ने संभाली स्थिति
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा का सिर (मुंड़ी) गायब मिलने की सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर मिलते ही बसपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इसे बाबा साहब का अपमान बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
प्रशासन, ग्राम प्रधान, प्रतिमा समिति के सदस्यों और गांव के संभ्रांत लोगों के बीच हुई वार्ता के बाद नई प्रतिमा स्थापित किए जाने पर सहमति बनी। जानकारी के अनुसार नई प्रतिमा लाने के लिए लोगों को वाराणसी भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रतिमा का गायब हिस्सा बरामद करने के लिए कई थानों की पुलिस को भी सक्रिय किया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की निगरानी में गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक स्मारकों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।







