चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड क्षेत्र के गहिला गांव स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) एक महीने से ताला बंद है। इस कारण ग्रामीणों को प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नहीं आते डॉक्टर और फार्मासिस्ट
ग्रामीणों के अनुसार चिकित्सालय में न तो कोई डॉक्टर आते हैं और न ही कोई फार्मासिस्ट। इलाज और दवा के लिए आने वाले मरीज निराश होकर वापस लौट जा रहे हैं। बिहार सीमा से सटे इस वनांचल क्षेत्र में यह आरोग्य केंद्र ही एकमात्र विकल्प है, जिससे इसकी बंदी ने ग्रामीणों को संकट में डाल दिया है।
ग्रामीणों ने की शिकायत
ग्रामीणों ने एसडीएम और सीएमओ से कई बार इस विषय में शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मंगरही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव ने उप जिलाधिकारी विकास मित्तल को लिखित शिकायत सौंपते हुए चिकित्सालय को शीघ्र खुलवाने की मांग की है।
एसडीएम का आश्वासन
एसडीएम विकास मित्तल ने बताया कि उच्च अधिकारियों से बात कर जल्द ही चिकित्सालय को खुलवाया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही चिकित्सालय खुल जाएगा और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।






