25 वार्डों के प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता करेंगे नए मतदाताओं को जोड़ने का काम, 2027 की तैयारी पर दिया जोर
सोनभद्र। शहर कांग्रेस कमेटी सोनभद्र की बैठक मंगलवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर की गई, जिसकी अध्यक्षता शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने की।
बैठक में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने फरीद अहमद को पुनः जिम्मेदारी मिलने पर माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के निर्देश पर शहर के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर मतदाताओं के पुनरीक्षण और छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के अभियान को गति देने के लिए जिम्मेदारी दी गई। शहर के अंतर्गत आने वाले समस्त 25 वार्डों के प्रत्येक बूथ पर बीएलए की तैनाती की गई, जो अपने-अपने बूथ पर जाकर नए मतदाताओं को जोड़ने तथा मतदाताओं के सहयोग में अपना सहयोग प्रदान करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए हाजी फरीद अहमद ने शहर पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया कि हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीतिक तैयारी करें और प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को सक्रिय कर अपने प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करने का संकल्प लें।
बैठक का संचालन करते हुए पूर्व अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने पदाधिकारियों को फार्म 6, फॉर्म 7, फॉर्म 8 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीश मिश्रा, रावटसगंज ब्लॉक के अध्यक्ष अमरेश देव पांडे ने संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने नेता राहुल गांधी के संकल्प को अपनाते हुए 2027 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उत्तर प्रदेश से उखाड़ कर फेंक देना है एवं नई सरकार का स्वागत करना है।
बैठक में शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, राजीव त्रिपाठी, जगदीश मिश्रा, अमरेश देव पांडे, बेवी सिंह, वशिष्ठ चौबे, एडवोकेट आशीष कुमार शुक्ला, ददन कुशवाहा, शंकर लाल भारती, प्रदीप चौबे, प्रांजल श्रीवास्तव, गुड़िया देवी, आरती देवी, रेखा श्रीवास्तव, रामविलास भारती, नंदकुमार शर्मा, रिचर्ड डेविड, लाल बहादुर वर्मा, राधेश्याम पटेल, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद कलीम आदि लोग उपस्थित रहे।









