नगर पालिका अध्यक्ष ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सोनभद्र। मंगलवार को पावन पर्व गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर रावटसगंज नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद व अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा गौशाला में विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़-केला खिलाया तथा गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने गौशाला का निरीक्षण कर गौवंशों के रख-रखाव, चारा-पानी एवं साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौवंशों को समय पर पर्याप्त चारा, पानी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि गौवंश स्वस्थ रहें।
उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा एवं संरक्षण हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। गोपाष्टमी का पर्व हमें गौ सेवा के प्रति संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका गौशाला की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस मौके पर सभासद अनवर अली, अजीत सिंह, विमलेश कुमार, सुजीत, संत आदि लोग उपस्थित रहे।









