आश्रम मोड़ के पास बुधवार शाम हुआ था हादसा
म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की शनिवार सुबह वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पड़री ग्राम पंचायत के बराईडाड़ टोला निवासी कृष्ण गोपाल यादव (29) के रूप में हुई। वह एक निजी इंग्लिश स्कूल में पढ़ाते थे। बताया गया कि बुधवार शाम कृष्ण गोपाल बाइक से बीजपुर-मुर्धवा मार्ग से जा रहे थे। आश्रम मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल और फिर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। परिजन उन्हें वाराणसी ले गए, जहां शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कृष्ण गोपाल ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।








