म्योरपुर, सोनभद्र। मनबसा जंगल से काटकर ठेकेदार को बेचने के लिए ले जाए जा रहे कत्था के सात बोटा के साथ वन विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात एक टेंपो पकड़ा। रेंजर जबर सिंह के नेतृत्व में रात करीब 11 बजे की गई कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया। रेंजर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनबसा और बगैया नार के जंगल में रात के समय कत्था के पेड़ों की कटान की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने निगरानी शुरू की और कत्था के सात बोटा लदे टेंपो को पकड़ लिया। वाहन को सीज कर वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में बिट प्रभारी की भूमिका पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।








