सोनभद्र। जहां पूरा देश 5G तकनीक और डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ रहा है, वहीं सोनभद्र का ग्राम सरईगढ़ आज भी बुनियादी मोबाइल नेटवर्क के लिए तरस रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हाथ जोड़कर प्रार्थना करती नन्हीं बच्ची आनवी पटेल की मासूम आवाज हर किसी को भावुक कर रही है। बच्ची कह रही है- “डीएम अंकल! मेरे गांव में नेटवर्क लगवा दीजिए, पापा से बात नहीं हो पाती।” बच्ची के पिता बाहर रहते हैं और नेटवर्क न होने से वह उनसे फोन पर बात तक नहीं कर पाती।
ग्रामीणों के अनुसार, इस आधुनिक युग में इंटरनेट तो दूर, सामान्य कॉलिंग के लिए भी नेटवर्क नहीं मिलता। नेटवर्क न होने से आपातकालीन चिकित्सा सेवा, बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई और जरूरी शासकीय कार्य भी बाधित होते हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सोनभद्र और संबंधित टेलीकॉम कंपनियों से अपील की है कि ग्राम सरईगढ़ में मोबाइल टावर/नेटवर्क की व्यवस्था कराई जाए, ताकि इस बच्ची और पूरे गांव की आवाज अपनों तक पहुंच सके।








