संवाददाता – वीरेंद्र कुमार
O- चार महीने पहले हुई थी शादी, दूसरी बाइक भी ट्रैक्टर से टकराई; साढ़ू भाई घायल
विंढमगंज (सोनभद्र)। जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू भाई घायल हो गया। हादसा एनएच-39 पर सलैयाडिह ग्राम पंचायत स्थित कर्बला के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से दो अलग-अलग बाइक सवार टकरा गए।
जानकारी के अनुसार घिवही निवासी कमलेश (23) पुत्र स्व. विश्वनाथ अपनी बाइक से घर लौट रहा था, जबकि उसका साढ़ू भाई रामसकल पनिका निवासी खम्हरिया (बीजपुर) दूसरी बाइक से अपनी ससुराल केवल जा रहा था। रात करीब 9 बजे अंधेरा होने के कारण कमलेश को सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे ट्रैक्टर के पीछे जा भिड़ी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे से आ रहे रामसकल ने बाइक नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह भी ट्रैक्टर से टकरा गया और घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। सलैयाडिह के प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किशु ने तत्काल घायल कमलेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि कमलेश की शादी महज चार माह पहले हुई थी। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।






