– बाबा मच्छेंद्र नाथ मंदिर परिसर में विधायक के नेतृत्व में चला स्वच्छता अभियान, जन चौपाल में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
सोनभद्र। कोन ब्लॉक क्षेत्र स्थित बाबा मच्छेंद्र नाथ मंदिर परिसर में शनिवार को सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। जन चौपाल में क्षेत्र में स्थापित हो रही कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने कहा कि योग्य स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने कहा कि विकास के साथ स्थानीय लोगों के हितों का संरक्षण भी जरूरी है। कंपनियों को स्थानीय लोगों की बात हरहाल में माननी होगी और योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से काम करना होगा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क समेत कराए गए विकास कार्यों के लिए विधायक के प्रयासों की सराहना की। विधायक ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से हल कराने का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, सदर एसडीएम आशीष त्रिपाठी, ओबरा एसडीएम रवि वर्मा, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री सुदामा पटेल, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, अनूप तिवारी, शिवम सिंह, राजबहादुर सिंह, लक्ष्मण देव खरवार, किरण त्रिपाठी, देवेश मिश्रा, बाबा गोवर्धन दास, अमित दुबे समेत क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।






