चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के चकरघट्टा गांव में शनिवार दोपहर खेत पर माता-पिता को खाना देने जा रही एक किशोरी को सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद किशोरी बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
एंटी स्नेक वेनम की पांच डोज दिए जाने के बाद करीब एक घंटे में किशोरी को होश आया। चिकित्सकों के अनुसार अब उसकी हालत खतरे से बाहर है, हालांकि निगरानी में रखा गया है।
चकरघट्टा निवासी जगदीश की पुत्री अर्चना शनिवार दोपहर अपने माता-पिता के लिए खाना लेकर खेत जा रही थी। इसी दौरान खेत की पगडंडी पर अचानक झाड़ियों से निकले सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही अर्चना मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
खेत में काम कर रहे लोगों ने किशोरी को गिरते देखा तो शोर मचाकर उसके माता-पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बाइक से तत्काल सीएचसी नौगढ़ ले गए।
सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सक नीरज ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने किशोरी को एंटी स्नेक वेनम की पांच डोज दीं और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। उपचार के करीब एक घंटे बाद उसे होश आया। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल किशोरी की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे निगरानी में रखा गया है।







