हर घर जल का दावा फेल, 100 परिवारों के लिए पगडंडी ही सहारा
सोनभद्र। विकास खंड राबर्ट्सगंज के ग्राम पंचायत बघुआरी के टोला गडौरा और दमही में वर्षों से सड़क और पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का सब्र टूट गया। सोनभद्र विकास समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार दोनों टोलों में करीब 100 से अधिक अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के गरीब-मजदूर परिवार रहते हैं। खुशबु बाग नर्सरी से गडौरा व दमही तक कोई पक्का संपर्क मार्ग नहीं है। वन विभाग की कैमूर वन्य जीव विहार की भूमि का पेंच होने से PWD सड़क निर्माण नहीं करा पा रहा है। एक कच्ची पगडंडी ही आवागमन का सहारा है। बीमार होने पर मरीज को 7 किलोमीटर पैदल चलकर जिला अस्पताल लोढ़ी ले जाना पड़ता है। वहीं ‘हर घर नल से जल’ योजना के दावे के बीच गडौरा के 60 परिवार और दमही के 40 परिवार बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। गर्मियों में टैंकरों के भरोसे प्यास बुझती है। योजना शुरू होने के बावजूद पाइपलाइन नहीं बिछी है। प्रदर्शन में अगुआ नेता सोनी, बाबा लाल के साथ पवन, विद्यावती, सरोज, मीना, उमेश कुमार, ममता, फूलवंती, प्रमीला सहित महिला-पुरुष और संस्था के कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग से तत्काल NOC लेकर सड़क बनवाई जाए और जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाया जाए। चेतावनी दी कि हक नहीं मिला तो आंदोलन जारी रहेगा।






