सोनभद्र। शुभ मुहूर्त के अनुसार पूरे जिले में रक्षाबंधन का पर्व बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लसड़ा में भी त्योहार की रौनक देखने को मिली। ग्राम सभा लसड़ा निवासी रुद्रकांत मिश्रा , अंजनी मिश्रा और अक्षत मिश्रा को उनकी बहनों जाह्नवी मिश्रा और तन्वी मिश्रा ने तिलक लगाकर, आरती उतारकर राखी बांधी।

बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं भाइयों ने बहनों को जीवनभर रक्षा करने का वचन दिया और उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं। लसड़ा गांव में सुबह से ही घरों में पकवान बनने का दौर शुरू हो गया था। बहनों ने पारंपरिक तरीके से थाली सजाकर राखी बांधी। त्योहार को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों तक में खासा उत्साह देखा गया। पूरे गांव में रक्षाबंधन के उल्लास का माहौल रहा और भाई-बहन के प्यार का यह पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया गया।






