विन्ध्य एक्सप्रेस-वे का बाजार दर पर मुआवजा दो, फार्मर रजिस्ट्री में आ रही अड़चन दूर करो – किसान
सोनभद्र। भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश, जनपद सोनभद्र के बैनर तले बुधवार को किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक परिसरों में विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से सौंपा।
जिला अध्यक्ष रामबहादुर सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में कृषि का सर्वाधिक योगदान होने के बाद भी किसानों को कदम-कदम पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दे।
किसानों की 6 प्रमुख मांगें जिसमे 1. एक्सप्रेस-वे का उचित मुआवजा – विन्ध्य एक्सप्रेस-वे में जा रही किसानों की जमीन का मुआवजा बाजार मूल्य पर तय किया जाए। विस्थापित किसानों को अतिरिक्त राशि दी जाए और निजी नलकूप, ट्यूबवेल, बगीचा आदि का सही मूल्यांकन कर मुआवजा दिया जाए। 2. फार्मर रजिस्ट्री की समस्या – खतौनी में अंश निर्धारण न होने से फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, जिससे खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरक नहीं मिल रहा। रबी सीजन से पहले रजिस्ट्री का कार्य अभियान चलाकर पूरा कराया जाए।3. उर्वरक कालाबाजारी पर रोक उर्वरक की कालाबाजारी में स्थानीय अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए और अधिक दाम पर उर्वरक बेच रहे केंद्रों पर सख्त कार्रवाई हो।4. बिजली कटौती बंद हो ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित विद्युत कटौती बंद कर निर्धारित घंटों के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।5. धान खरीद में धांधली बंद हो समर्थन मूल्य पर धान क्रय में अनियमितता, सेंटर पर खड़े किसानों की तौल न होना और बिचौलियों द्वारा खरीद पर पूर्ण रोक लगाई जाए।6. क्रय केंद्रों पर सुविधा -धान क्रय केंद्र किसानों की सुविधा के अनुसार बनाए जाएं, सत्यापन प्रक्रिया सरल की जाए और केंद्रों पर छाया व अलाव की व्यवस्था की जाए।इस मौके पर
संगठन की ओर से चोपन ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष रामविलास मौर्य, करमा में रमेश सिंह पटेल, राबर्ट्सगंज में भरतलाल, चतरा में सम्पत राम मौर्य और नगवां ब्लॉक में घनश्याम सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।






