महिलाओं और किसानों को मिली सिलाई व स्प्रे मशीन, स्वरोजगार और आधुनिक खेती को बढ़ावा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र)। बभनी विकासखंड के असनहर गांव स्थित परिवार कल्याण केंद्र में मंगलवार को महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान किसानों को फसलों में कीटनाशक दवा एवं खाद के छिड़काव के लिए स्प्रे मशीन, जबकि सिलाई प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं और युवतियों को सिलाई मशीन वितरित की गई।

असनहर गांव में हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग की पहल पर 5 महिलाओं को सिलाई मशीन और 10 किसानों को स्प्रे मशीन वितरित की गई। महिलाओं को स्वरोजगार और किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग, रेणुकूट की ओर से किया गया। विभाग के सीएसआर प्रमुख अनिल कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बभनी रूपेश कुमार मंडल ने 10 किसानों को स्प्रे मशीन तथा 5 महिलाओं एवं युवतियों को सिलाई मशीन प्रदान की।

सिलाई मशीनें हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली महिलाओं एवं युवतियों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान खंड विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल ने महिलाओं और युवतियों को सिलाई मशीन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि महिलाएं घर से ही सिलाई-कढ़ाई का काम शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। गांवों में सिलाई-कढ़ाई के कार्य को बढ़ावा देकर महिलाएं भविष्य में स्वयं सहायता समूहों अथवा गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़कर रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकती हैं। इससे परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, फसलों की बेहतर देखभाल तथा कीटनाशक एवं खाद के उचित प्रयोग से संबंधित जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने के लिए आधुनिक संसाधनों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास अधिकारी प्रदीप कुमार सोनी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राज बहादुर सिंह, ब्लॉक संयोजक लालकेश कुशवाहा, शिव पूजन, अजहर, राम चरण, लालमन, विजय कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?