सोनभद्र। राज्य परियोजना निदेशक, माध्यमिक शिक्षा अभियान लखनऊ के निर्देश पर दुद्धी के राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला में तीन माह का रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। उद्घाटन प्रभारी प्रधानाचार्या अनीता गौड़ ने किया।
प्रशिक्षण एनआईएस कोच रवि सिंह दे रहे हैं, जो ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट-4 डैन, वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट और यूपी राज्य पुरस्कार प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा जीवन कौशल है जो बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाता है।
शिविर में छात्राओं को पंच, किक, ब्लॉकिंग, गला, हाथ, बाल और कंधा छुड़ाने सहित सड़क पर छेड़छाड़ से बचाव के दांव-पेंच सिखाए गए। प्रधानाचार्या ने कहा कि मार्शल आर्ट मुसीबत में सुरक्षा के लिए जरूरी है, सभी को यह सीखना चाहिए।
इस अवसर पर नोडल बीना जायसवाल, सूरज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।






