म्योरपुर में संयुक्त आदिवासी अधिकार मंच की बैठक, जल-जंगल-जमीन और आरक्षण पर उठी मांग
म्योरपुर (सोनभद्र)। विकासखंड के ग्राम पंचायत कुण्डाडीह में रविवार को मंगला प्रसाद के आवास पर संयुक्त आदिवासी अधिकार मंच की बैठक संपन्न हुई। अध्यक्षता बबई सिंह मरकाम ने की, संचालन अमर सिंह खरवार ने किया। बैठक में सलखन से आए दुर्गा प्रसाद पठारी ने कहा कि जल, जंगल, जमीन आदिवासी समाज से जुड़ा है। उन्होंने आदिवासियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आदिवासी राष्ट्र घोषित करने की बात रखी। मंगला प्रसाद ने समाज को जागरूक होने का आह्वान किया, वहीं पनिका समाज के राधेश्याम पनिका ने आदिवासियों की जमीन संरक्षित करने की मांग रखी। प्रमुख मांगें –अध्यक्षता कर रहे बबई सिंह मरकाम ने मांग रखी कि –
- आगामी पंचायत चुनाव में 21 प्रतिशत आरक्षण लागू हो
- आदिवासी धर्म कोड कॉलम, पेसा एक्ट, पांचवी, छठी और आठवीं अनुसूची लागू हो
- खनिज संपदा का अधिकार आदिवासियों को मिले
संचालन कर रहे अमर सिंह खरवार ने सोनभद्र में स्थापित अडाणी कंपनी का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिले में बड़े पैमाने पर औद्योगिक कंपनियां हैं, जहां बाहर के लोग काम कर रहे हैं, जबकि स्थानीय आदिवासी पलायन को मजबूर और बेरोजगार हैं। बैठक में कृपाशंकर पनिका, रामरूप गोंड, मोहनलाल पनिका, रविन्द्र पनिका, तुलसी राम पनिका, देवशाह उरेती, रामलखन मरकाम, हरिप्रसाद सलबंदी और खरवार महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक खरवार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





