“स्टेडियम मोड़ के पास वर्दी में पड़े मिले रमाशंकर मिश्रा, सिर पर चोट के निशान – पुलिस जांच में जुटी”
म्योरपुर (सोनभद्र)। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के स्टेडियम मोड़ के पास रविवार तड़के एनसीएल बीना परियोजना में तैनात ओवरमैन का शव संदिग्ध हाल में सड़क किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक ड्यूटी की वर्दी में था। 3:45 बजे घायल अवस्था में मिले रविवार तड़के करीब 3:45 बजे मुख्य हाईवे किनारे एक व्यक्ति घायल पड़ा मिला। सूचना पर डायल 112 और बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बीना आवासीय परिसर बी-264 निवासी 40 वर्षीय रमाशंकर मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा के रूप में हुई। वह एनसीएल बीना परियोजना में ओवरमैन थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी पड़ी मिली और सिर पर चोट के निशान थे। कई सवाल सहकर्मियों के अनुसार उनकी पहली पाली की ड्यूटी सुबह 5 बजे से शुरू होनी थी। ड्यूटी से एक घंटे पहले वर्दी में घायल मिलना सवाल खड़े कर रहा है। पत्नी ने बताया कि उन्हें पता नहीं कि पति कितने बजे घर से निकले थे। मृतक मूल रूप से बेलवाबड़गयन, रीवा (मध्य प्रदेश) के निवासी थे। परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे।






