तीन लाख का KCC ऋण, किसान को मिले सिर्फ 51 हजार; दलालों पर धोखाधड़ी का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- बैंक से ऋण कराने के नाम पर किसान के साथ कथित धोखाधड़ी, बभनी पुलिस ने शुरू की जांच

बभनी (सोनभद्र । थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण के नाम पर किसान से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप है कि उन्होंने किसान को बहला-फुसलाकर बैंक ऑफ बड़ौदा की म्योरपुर शाखा से तीन लाख रुपये का KCC ऋण कराया और ऋण की राशि में से बड़ी रकम कथित तौर पर अपने कब्जे में ले ली। किसान का कहना है कि उसे पूरी प्रक्रिया के बाद मात्र 51 हजार रुपये ही मिले।

करकच्छी गांव निवासी सुखदेव पुत्र सोत्ती ने बभनी पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने KCC ऋण दिलाने का भरोसा देकर बैंक ऑफ बड़ौदा की म्योरपुर शाखा से तीन लाख रुपये का ऋण कराया। ऋण स्वीकृत होने के बाद बैंक की मुख्य शाखा से करीब एक लाख रुपये नकद निकाले गए।

किसान के मुताबिक, इसके अलावा बभनी मिनी बैंक से अलग-अलग किस्तों में 10 हजार और 20 हजार रुपये समेत कुल करीब 80 हजार रुपये अंगूठा लगवाकर निकाले गए। आरोप है कि निकाली गई रकम में से किसान को सिर्फ 51 हजार रुपये ही वापस किए गए, जबकि करीब 1.29 लाख रुपये की रकम का हिसाब उसे नहीं दिया गया।

सुखदेव का कहना है कि उसके KCC खाते में अभी भी करीब 1.20 लाख रुपये की धनराशि मौजूद है। उसने संबंधित लोगों से अपनी शेष रकम का हिसाब और पैसा वापस मांगा, लेकिन कथित तौर पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने बभनी थाने पहुंचकर कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि किसान के नाम स्वीकृत तीन लाख रुपये के ऋण में से कितनी धनराशि वास्तव में किसान को मिली, कितनी रकम किस माध्यम से निकाली गई और रकम निकालने में किन लोगों की भूमिका रही। बैंकिंग लेन-देन और संबंधित खातों की जांच के बाद पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?