नौगढ़ में प्राथमिक विद्यालय में छात्रा की पिटाई का आरोप, अध्यापक के कड़े से मारने पर घायल हुई 10 वर्षीय बालिका, जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के केसार प्राथमिक विद्यालय में एक अध्यापक द्वारा कक्षा 5 की छात्रा की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के अध्यापक रिंकू सिंह ने 10 वर्षीय छात्रा प्रियंका को हाथ में पहने कड़े से पीट दिया, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोट के निशान पड़ गए। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया गया कि घटना के दौरान छात्रा प्रियंका विद्यालय में मौजूद थी। आरोप है कि अध्यापक रिंकू सिंह ने उसे बिना किसी गलती के हाथ में पहने कड़े से मार दिया। पिटाई के कारण छात्रा की पीठ पर रीढ़ की हड्डी के पास गहरा काला निशान पड़ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रा की माता रुक्मिणी देवी घायल बेटी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

सीएचसी नौगढ़ के चिकित्सक डॉ. चंद्र कुमार ने बताया कि बालिका की पीठ पर रीढ़ की हड्डी के पास चोट का निशान है। नौगढ़ में हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध न होने के कारण बेहतर उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया रेफर कर दिया गया है।

घायल छात्रा प्रियंका ने बताया कि अध्यापक रिंकू सिंह ने उसे बिना किसी गलती के कड़े से पीटा। वहीं, छात्रा की माता रुक्मिणी देवी का कहना है कि जब उन्होंने विद्यालय पहुंचकर अध्यापक से घटना की शिकायत की तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही।

घटना के बाद छात्रा के पिता रवि राव ने थाना प्रभारी चकरघट्टा संतोष कुमार यादव से फोन पर संपर्क किया। थाना प्रभारी ने उन्हें बालिका को लेकर थाने आने और लिखित तहरीर देने को कहा।

इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि राम ने बताया कि सूचना मिली है जांच की जा रही है।

Leave a Comment

1519
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?