आकाशीय बिजली से घर की छत डाल रहे पिता की मौत, 17 वर्षीय बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र)। आकाशीय बिजली ने एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि घर का छाजन कर रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 17 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। घायल किशोरी जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जिले में सोमवार को मानसून की बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। बभनी थाना क्षेत्र के डगडउआ टोला में घर का छाजन (छप्पर) कर रहे पिता-पुत्री पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गंभीरा (38), पुत्र स्वर्गीय रामबृक्ष, अपनी 17 वर्षीय पुत्री सीमा के साथ घर का छाजन कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीरा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल सीमा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की।

प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण लगातार घायल किशोरी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। मानसून के दौरान आकाशीय बिजली की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर लोगों को खराब मौसम में खुले स्थानों और ऊंचे स्थानों पर काम करने से बचने की जरूरत का एहसास कराया।

Leave a Comment

1505
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?