नगर पालिका सभागार में हुई बैठक, 25 वार्डों में फॉगिंग व सैनिटाइजेशन के निर्देश
सोनभद्र। शासन के निर्देशानुसार संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र के सभागार में बैठक हुई। अध्यक्षता नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद व अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने की।
बैठक में नपा अध्यक्ष ने बताया कि 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसमें मलेरिया, डेंगू, डायरिया जैसे रोगों की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाकर नगर के सभी 25 वार्डों/मोहल्लों में सैनिटाइजेशन, फॉगिंग, एंटीलार्वा का छिड़काव, नालियों की साफ-सफाई व कचरा निस्तारण किया जाएगा। साथ ही नागरिकों में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके लिए संबंधित सफाई नायक एवं सह सफाई नायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सदस्य विनोद कुमार सोनी, प्रदीप कुमार सिंह, चंद्रकांत दूबे, मनोज कुमार चौबे, राकेश कुमार, हीरावती देवी व जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव तथा नगर पालिका के कर्मचारी संत कुमार सोनी, विमलेश लाल, आकाश रावत, राजीव, प्रिंस, सूरज मिश्रा आदि मौजूद रहे।






